पुराने विवाद के राजीनामा दौरान दो कॉलोनाइजरों में हुआ विवाद, गोलियां लगने से दो घायल
अशवनी पाहवा, लुधियाना: मेहरबान क्षेत्र के खासी कलां गांव में बुधवार दोपहर दो पूर्व रियल एस्टेट पार्टनरों के बीच संपत्ति विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में गोलियां दागी। इस दौरान एक ही गांव के दो लोग सुखजीत सिंह और सुखदेव सिंह गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सुखजीत सिंह की हालत गंभीर है और उसे चंडीगढ़ रोड स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सुखदेव सिंह का इलाज सीएमसी अस्पताल में चल रहा है। मेहरबान थाने के एएसआई राधे शाम के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि रियल एस्टेट कारोबार में पूर्व पार्टनर सुखजीत और सुखदेव के बीच जमीन के को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष अपने साथियों के साथ गांव में एकत्र हुए और राजीनामा की बात चल रही थी। कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। दोनों पक्षों ने इसी दौरान एक दूसरे पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।
पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि गोलियां किसने चलाईं और कितने हथियार इस्तेमाल किए गए। एएसआई राधे श्याम ने कहा, "हम प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे हैं, लेकिन कई लोग बोलने से कतरा रहे हैं।" इस घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है, पुलिस ने सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। अधिकारी गोलीबारी की घटनाओं पर स्पष्टता चाहते हैं और जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें और भी लोग शामिल थे। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और फोरेंसिक निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।