The Summer News
×
Monday, 20 May 2024

अपराध दर में पंजाब 21 राज्यों से बेहतर, 2021 के मुकाबले 2022 बेहतर: एमपी अरोड़ा

लुधियाना, 23 दिसंबर 2023: जहां तक भारत में अपराध की बात है तो पंजाब पूरे देश में 22वें नंबर पर है। इस प्रकार, पंजाब अन्य 21 राज्यों से बेहतर है। 2022 के दौरान कॉग्निजेबल (संज्ञेय) आईपीसी और स्पेशल एंड लोकल लॉज़ (एसएलएल) क्राइम के तहत राज्य/केंद्र शासित प्रदेश-वार अपराध दर के अनुसार अपराध दर में दिल्ली सबसे आगे है जहां प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध दर 1518.2 है, इसके बाद केरल (1274.7), हरियाणा (810.4), गुजरात (738.9), तमिलनाडु (617.2), मध्य प्रदेश (568.7), महाराष्ट्र (443), तेलंगाना (436.9), अंडमान निकोबार द्वीप समूह (395.2), राजस्थान (388.9), ओडिशा (386.7), आंध्र प्रदेश (368.3), मिजोरम (336), उत्तर प्रदेश (321.9), उत्तराखंड (299.4), चंडीगढ़ (299.1), पुडुचेरी (281.2) , बिहार (277), कर्नाटक (268.2), हिमाचल प्रदेश (256) छत्तीसगढ़ (246.5) और पंजाब (240.6) का नंबर आता है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में 2021 की तुलना में 2022 के दौरान अपराध दर में गिरावट आई है।


यह डेटा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने हाल ही में समाप्त हुए राज्यसभा के शीतकालीन सत्र में लुधियाना से सांसद (राज्यसभा) संजीव अरोड़ा द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उपलब्ध कराया है। अरोड़ा ने पूछा था कि नेशनल क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो (एनसीआरबी) के नवीनतम रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2022 में देश में अपराध दर कैसे रही; और राज्य-वार, श्रेणी-वार विवरण क्या है।


मंत्री ने अपने जवाब में बताया कि एनसीआरबी अपने प्रकाशन 'क्राइम इन इंडिया' में अपराधों पर जानकारी संकलित और प्रकाशित करता है। प्रकाशित रिपोर्ट वर्ष 2022 तक उपलब्ध हैं। उन्होंने 2021 और 2022 के दौरान इंडियन पीनल कोड (आईपीसी) और स्पेशल एंड लोकल लॉज़ (एसएलएल) के तहत विभिन्न कॉग्निजेबल (संज्ञेय) अपराधों के लिए अपराध दर का राज्य/केंद्र शासित प्रदेश-वार विवरण भी उपलब्ध कराया।


आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध दर 2021 के दौरान 242 से घटकर 2022 के दौरान 240.6 हो गई है। वर्ष 2021 में, कॉग्निजेबल आईपीसी और एसएलएल अपराधों के तहत पंजाब में प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध दर क्रमशः 152.8 और 144.9 थी। वर्ष 2022 में, कॉग्निजेबल आईपीसी और एसएलएल अपराधों के तहत पंजाब में प्रति लाख जनसंख्या पर अपराध दर क्रमशः 89.2 और 97.7 थी।


अरोड़ा ने आज यहां यह जानकारी देते हुए बताया कि यह सभी के लिए राहत की बात है कि पंजाब में अपराध दर में गिरावट शुरू हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल (2023) के आंकड़ों के दौरान अपराध दर में और गिरावट आएगी क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सत्तारूढ़ `आप' सरकार राज्य में अपराध और नशीली दवाओं के खतरे को रोकने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है, जो सराहनीय है।

Story You May Like