The Summer News
×
Monday, 20 May 2024

वर्ष का पहला चंद्र ग्रहण आज

कृष्ण गोपाल, लुधियाना : साल का पहला चंद्र ग्रहण वैशाख माह की बुद्ध पूर्णिमा के दिन लगने जा रहा है। साल का यह पहला चंद्र ग्रहण 5 मई को लगेगा। ज्योतिषाचार्या पुनीत गुप्ता के अनुसार 15 दिनों के अंतराल पर यह साल 2023 का दूसरा ग्रहण होगा। इसके पहले 20 अप्रैल को साल का पहला सूर्य ग्रहण लगा था। इस ग्रहण को भारत में नहीं देखा जा सका था। अब बुद्ध पूर्णिमा के दिन साल का पहला चंद्रग्रहण लगेगा। यह ग्रहण एक उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा। जिसमें चांद की सतह पर धूल भरी आंधी के रूप में नजर आएगा। 


खगोल विज्ञानियों के अनुसार साल का पहला चंद्र ग्रहण यूरोप, एशिया के ज्यादातर हिस्से, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका, प्रशांत,अटलांटिक,अंटार्कटिका और हिंद महासागर में दिखाई देगा लेकिन हिंदू पंचांग की गणनाओं के आधार पर यह चंद्र ग्रहण उपच्छाया चंद्र ग्रहण होगा और भारत में नहीं दिखाई देगा। यह चंद्र ग्रहण भारतीय समय के अनुसार 5 मई को रात 8 बजकर 44 मिनट से शुरू हो जाएगा। जो आधी रात को यानी 01 बजकर 01 मिनट तक चलेगा। ग्रहण का उच्चतम काल रात 10 बजकर 52 मिनट पर होगा।


धार्मिक नजरिए से जब भी उपच्छाया चंद्रग्रहण लगता है तो इसको ग्रहण की श्रेणी में नहीं रखा जाता है ऐसे में इस चंद्र ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा। आपको बता दें कि सूर्य ग्रहण के होने पर ग्रहण शुरू होने से 12 घंटे पहले सूतक काल आरंभ हो जाता है जबकि चंद्र ग्रहण होने पर 9 घंटे पहले सूतक शुरू हो जाता है। सूतक काल में किसी भी तरह का शुभ काम और पूजा-पाठ नहीं किया जाता है। सूतक की समाप्ति के बाद ही सभी तरह के धार्मिक कार्य दोबारा से शुरू होते हैं। 


सूतक काल ना लगने की वजह से यहां पूजा-पाठ या किसी भी धार्मिक कार्यों पर रोक नहीं लगेगी। चंद्र ग्रहण के दौरान भी सारे शुभ कार्य किए जा सकेंगे। इस दिन मंदिरों के कपाट भी खुले रहेंगे। मंदिर के दर्शन भी आसानी से किए जा सकते हैं।

Story You May Like